शाहजहांपुर। परिषदीय व उच्च प्राथमिक स्कूलों में शिक्षकों के अंतः जनपदीय तबादलों की प्रक्रिया शुरू किए जाने के संकेत दिए गए हैं। बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी इसको लेकर शासनादेश जारी होने का इंतजार कर रहे हैं, जबकि शिक्षकों ने अपने जोड़ीदार तलाशने शुरू कर दिए हैं। इसमें भी मुख्यालय से दूर ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में पढ़ाने वाले शिक्षक नगर क्षेत्र के आसपास तबादला चाहते हैं, वहां जाने के लिए इच्छुक नहीं हैं।
पहले चरण में अंत: जनपदीय तबादले की प्रक्रिया शीतकालीन अवकाश से शुरू होनी है। 31 दिसंबर से लेकर 14 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश रहेगा। दूसरे चरण में ग्रीष्मकालीन अवकाश में स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू होगी। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से वर्ष 2025 के लिए स्थानांतरण की नीति जारी कर दी गई। अब बेसिक शिक्षा परिषद जल्द विस्तृत कार्यक्रम जारी करेगा। जिसका इंतजार अधिकारी व शिक्षक कर रहे हैं। पिछले एक वर्ष से इसका इंतजार कर रहे शिक्षकों को बड़ी राहत मिली है। उनका मानना है कि इससे वह अपनी पसंद के विद्यालयों में जा सकेंगे। हालांकि इसमें कलान, जैतीपुर से नगर क्षेत्र के करीबी विद्यालयों में तबादला चाहने वालों की संख्या अधिक है। इन ब्लॉकों के विद्यालयों में जाना कोई नहीं चाहता है। इसका कारण मुख्यालय से इनकी दूरी 50 से 60 किमी होना है। इसको लेकर शिक्षक संघ के पदाधिकारियों का भी कहना है कि अंत: जनपदीय तबादले का लाभ अधिक शिक्षकों को नहीं मिल पाएंगे। जिले में परिषदीय व उच्च प्राथमिक स्कूलों में करीब दस हजार शिक्षक होंगे।
-
समायोजन की प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए
- बहुत ज्यादा शिक्षकों को अंत: जनपदीय तबादले का लाभ नहीं मिल पाता। नगर क्षेत्र में कोई नहीं आ पाएगा। ग्रामीण क्षेत्र में मनचाहा स्कूल नहीं मिल पाता। कलान वाले चाहते हैं कि नगर के आसपास मिल जाए। नगर में तैनात वाले जाना नहीं चाहते। शिक्षकों से विकल्प लेकर समायोजन की प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए। - रत्नाकर दीक्षित, शिक्षक नेता
50-60 किमी दूर जाना नहीं चाहते शिक्षक
- कलान क्षेत्र में ही 20-25 शिक्षक होंगे जोकि नगर क्षेत्र के आसपास स्थित विद्यालयों में आना चाहते हैं। खुटार, जैतीपुर, मदनापुर, खुदागंज की दूरी 50-60 किमी पड़ती है, इनके शिक्षक भी नगर क्षेत्र के करीब आने के इच्छुक हैं। इतनी दूर जाना कोई नहीं चाहता है। कितनों को लाभ मिल सकेगा यह बाद ही पता चल सकेगा। - मंगरे लाल, जिलाध्यक्ष, जूनियर शिक्षक संघ
कैडर के अनुसार ही होता है तबादला
पिछले बार जिले के करीब 100 शिक्षकों को अंत जनपदीय तबालों का लाभ मिला है। इस बार भी लगभग इतने ही लोग लाभांवित हो सकेंगे। इसमें ग्रामीण क्षेत्र के शिक्षक को नगर क्षेत्र में आने का मौका नहीं मिलता, उनको दूसरे ब्लॉक के विद्यालय में भेजा जाता है। नगर क्षेत्र का कैडर अलग है, उनके शिक्षकों को नगर का विद्यालय मिलेगा। - देवेश वाजपेयी, जिला मंत्री, प्राथमिक शिक्षक संघ
-
वर्जन:::::
परिषदीय व उच्च प्राथमिक स्कूलों में शिक्षकों के अंतः जनपदीय तबादलों की प्रक्रिया शुरू किए जाने को लेकर अभी शासनादेश नहीं मिला है। इसके आने पर ही ऑनलाइन आवेदन शुरू होंगे। उसके बाद ही तबादले हो सकेंगे। - दिव्या गुप्ता, बीएसए