पुवायां। लगभग एक माह से पुवायां क्षेत्र में चोर और बदमाश देखे जाने का शोर उठ रहा है। ग्रामीणों की ओर से फायरिंग की जाती है। चोरों के शक में कई स्थानों पर तो निर्दोष लोगों की बंधक बनाकर पिटाई भी हो चुकी है, लेकिन पुलिस है कि एसपी के आदेश के बाद भी नींद से नहीं जाग रही है।
अगस्त माह के पहले सप्ताह में पुवायां के गांव गंगसरा में एक मानसिक मंदित युवक को चोर समझकर पेड़ से बांधकर पीटा गया था। सिपाहियों ने मौके पर पहुंच कर युवक को बंधनमुक्त कराया था। इसी दिन पुवायां-खुटार हाईवे पर गांव तिंदुआ मोड़ के पास ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ने के बाद जमकर पीटा था, इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया था, जांच में वह भी मानसिक मंदित पाया गया। खुटार में भी दो मानसिक मंदित लोगों को पकड़कर पुलिस को सौंपा जा चुका है।
पुवायां के गांव जेवां में एक मकान में बदमाशों के घुसने का प्रयास करने के दौरान शोर होने पर ग्रामीणों ने जमकर फायरिंग की थी। बृहस्पतिवार शाम को तो बंडा में बदमाशों के शोर के चलते पुलिस की ही पिटाई हो गई। इतना सब होने के बाद भी पुलिस ने इसकी रोकथाम के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किए हैं। जबकि एसपी की ओर से ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई और भ्रमण करके लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारमानो में दिखे चोर, ग्रामीणों ने की फायरिंग
मझिगवां-पुवायां। बृहस्पतिवार रात गांव जारमानो में दंगल सिंह के आम के बाग में ग्रामीणों ने चोरों को देखा। इसके बाद चोरों ने बीडीसी सदस्य मुकेश कुमार के घर का दरवाजा खोलकर अंदर घुसने का प्रयास किया। मुकेश ने चोरों को देखकर शोर मचाया तो ग्रामीणों ने फायरिंग कर दी। इससे चोर भाग गए। इससे पूर्व गांव उदना के पास झाबर की ओर रात नौ बजे चोर का शोर उठा। इसके बाद ग्रामीणों ने झाबर की ओर जाकर देखा तो वहां कोई नहीं मिला। ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़वाने की मांग की है।
अगौना बुजुर्ग में चोर समझकर महिला को पकड़ा
पुवायां। गांव अगौना खुर्द की एक महिला का अपने पति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। महिला पति से नाराज होकर घर से चली गई और गांव फत्तेपुर बुजुर्ग में जाकर बैठ गई। बाद में महिला गांव अगौना बुजुर्ग में आकर बैठ गई। यहां ग्रामीणों ने महिला को चोर समझकर घेर लिया और मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर महिला से पूछताछ की तो मामला पति-पत्नी के विवाद का निकला। इसके बाद पुलिस ने महिला के पति को बुलाकर महिला को उनके साथ घर भेज दिया। संवाद
एसपी की ओर से जनपद के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए जा चुके हैं कि गांव में जाएंगे और मीटिंग करके लोगों को जागरूक करेंगे। ग्रामीणों से अपील की गई है कि कहीं कोई सूचना है तो तुरंत यूपी-़112 पर काल करके सूचित करें। किसी की भी पिटाई न करें। अगर पुलिस ग्रामीणों को जागरूक करने नहीं निकल रही है तो अब गांवों में लोगों को जागरूक करते हुए के फोटो और वीडियो भी मंगाई जाएगी। -पंकज पंत, सीओ पुवायां