शाहजहांपुर। निपुण भारत मिशन के तहत 27 जनवरी से निपुण आकलन अभियान के तहत स्कूलों का सर्वे किया जाएगा। इसे 16 फरवरी तक पूरा करने के निर्देश हैं। सर्वे के लिए डायट ने डीएलएड प्रशिक्षुओं की 136 टीमों को लगाया है। प्रत्येक टीम में दो प्रशिक्षु शामिल किए गए हैं।
जिले के 2179 परिषदीय स्कूलों में कक्षा एक व दो के बच्चों का गणित और भाषा विषय का आकलन होगा। इसके तहत प्राथमिक विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की पढ़ने, समझने, लिखने और गणितीय गणनाओं से जुड़ी क्षमताओं की जांच की जाएगी। सर्वे के दौरान बच्चों से प्रश्न पूछकर और उनकी गतिविधियों से उनकी परख समझकर अंकों को एप पर अपलोड किया जाएगा।
डायट प्रवक्ता डॉ.बीएल मौर्या बताते हैं कि आकलन के लिए 272 प्रशिक्षुओं को लगाया गया है। प्रत्येक टीम में दो प्रशिक्षुओं को शामिल करते हुए 136 टीमें गठित की गई हैं। प्रशिक्षु एक दिन में दो विद्यालयों में आकलन कार्य पूरा करेंगे। इसके लिए समय-सारिणी भी तैयार की जा रही है।
निपुण सर्वे के लिए सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। डीएलएड प्रशिक्षुओं का प्रशिक्षण भी करा लिया गया। टीमों का गठन भी हो गया है।
- सोनिया गुप्ता, प्राचार्य-जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान