खुटार (शाहजहांपुर)। खुटार के एक मैरिज पैलेस में आई बरात में फायरिंग में बालक की मौत की सूचना पर पुलिस में खलबली मच गई। थाने से फोर्स मौके पर पहुंचा तो मामला मारपीट का निकला। कोई घायल मौके पर नहीं मिला।
गांव पिपरिया भागवंत की एक युवती की शादी बीसलपुर से तय हुई थी। 25 फरवरी की रात खुटार बंडा रोड स्थित एक मैरिज पैलेस में बरात आई थी। डीजे पर डांस के दौरान दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर मारपीट होने लगी। डंडा लगने से दो लोगों के सिर फट गए और दोनों लहूलुहान हो गए।
इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी कि बरात में फायरिंग होने से एक बालक की मौत हो गई है और कई लोग घायल हुए हैं। फायरिंग में मौत की सूचना से पुलिस में खलबली मच गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो घायलों सहित वर और वधू पक्ष के तमाम लोग मौके से खिसक लिए।
पुलिस ने घटना की जानकारी ली तो मामला केवल मारपीट का निकला। विवाद और पुलिस की जांच के चलते लगभग एक घंटे तक जयमाल कार्यक्रम नहीं हो सका। थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह ने बताया कि किसी ने बरात में फायरिंग में बालक की मौत की सूचना दे दी थी। मौके पर पहुंचने पर मामला मामूली विवाद निकला। किसी ने तहरीर भी नहीं दी है।