शाहजहांपुर। आउटसोर्स सेवा निगम के उद्घाटन के अवसर पर बुधवार को गांधी भवन सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना की उपस्थिति में लखनऊ में लोक भवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का प्रसारण देखा गया। मंत्री ने नगर निगम के सफाई कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और सुरक्षा किट देकर सम्मानित किया।
वित्तमंत्री ने कहा कि आउटसोर्सिंग कर्मचारी को हर माह एक से पांच तारीख के बीच वेतन दे दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के माध्यम से आउटसोर्स कार्मिकों को उनके अधिकार और सेवा संबंधी लाभ तय कराने के लिए शासन की ओर से प्रभावी व्यवस्था की गई है।
इसी के तहत बुधवार को निगम के लोगो, वेबसाइट एवं पोर्टल का अनावरण किया गया है। उन्होंने बताया कि आउटसोर्स कार्मिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निगम की ओर निर्धारित प्रक्रिया के तहत अधिकृत आउटसोर्सिंग एजेंसियों के माध्यम से सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सर्विस प्रोवाइडर निर्धारित नियमों और शर्तों का उल्लंघन करता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सभी आउटसोर्स कार्मिकों को समय से वेतन उपलब्ध कराने के साथ-साथ ईपीएफ और ईएसआईसी का लाभ भी समय पर दिया जाएगा। इसके अलावा मातृत्व अवकाश, स्वास्थ्य बीमा कवर और दुर्घटना बीमा जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। कार्यक्रम में महापौर अर्चना वर्मा, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डीपीएस राठौर, सफाई कर्मचारी आयोग के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्रनाथ वाल्मिकी, डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, सीडीओ उत्कर्ष द्विवेदी, सहायक श्रम आयुक्त केके गुप्ता आदि मौजूद रहे।
गीत विवाद के बीच वित्त मंत्री ने साधा सपा प्रमुख पर निशाना
शाहजहांपुर। लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में वीडियो और गीत को लेकर चल रहे विवाद के बीच वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बुधवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि अब वह गाना ही गाएंगे, क्योंकि उनके पास कुछ नहीं है। उन्हें पता चल गया है कि सत्ता मिलने वाली नहीं है। जिस तरह का आचरण किया जा रहा है और लोगों को गुमराह करने का प्रयास हो रहा है, उससे साफ है कि उन्हें सत्ता नहीं मिलेगी।
गांधी भवन में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में वित्त मंत्री ने कहा कि देश के 21 राज्यों में भाजपा या उसके सहयोगी दलों की सरकारें हैं। आजादी के बाद इतने बड़े पैमाने पर राजनीतिक परिवर्तन भाजपा और उसके कार्यकर्ताओं की उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के हितों के लिए प्रदेश सरकार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने हर क्षेत्र में सुधार के लिए महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का शोषण नहीं होने दिया जाएगा और उनके हितों का ध्यान रखा जाएगा।
-
विधायक ने गौतम के पिता को सौंपा नियुक्तिपत्र
कांट। कांट नगर पंचायत कार्यालय के मीटिंग हॉल में बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के अनावरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। इस दौरान विधायक अरविंद सिंह ने गौतम मौर्य के पिता चंद्रपाल को नियुक्तिपत्र सौंपा।
31 जुलाई की रात गौतम मौर्य की चाकू से गोदकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था। विधायक अरविंद सिंह ने परिवार को सरकारी योजना से आवास के साथ ही आउटसोर्सिंग के तहत नौकरी दिलाने का वादा किया था।
बुधवार को कार्यक्रम में गौतम के पिता चंद्रपाल को नियुक्तिपत्र सौंपा गया। विधायक ने नगर की सफाई व्यवस्था में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाईमित्रों को माला पहनाकर प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान अधिशासी अधिकारी नूरजहां, सभासद, सफाईकर्मी समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। संवाद
गांधी भवन में नगर निगम के आउटसोर्स कर्मचारी को लाभ प्रमाणपत्र देते वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्