शाहजहांपुर। उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रहे सर्द हवा के झोंके सर्दी को बढ़ावा देने लगे हैं। इस वजह से बृहस्पतिवार को रात में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री घटकर 7.6 डिग्री सेल्सियस रह गया। शुक्रवार को दिनभर धूप की गरमाहट पर ठंडी हवा हावी रहने से अधिकतम तापमान भी 0.8 डिग्री घटकर 23 डिग्री सेल्सियस हो गया। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार शनिवार को सर्दी बढ़ने के साथ तापमान में गिरावट जारी रहने के आसार हैं।
ठंडी हवा के झोंके बृहस्पतिवार शाम से ही चलने लगे। इस कारण ठिठुरन का अहसास रात से ही होने लगा। शुक्रवार को सुबह सूर्योदय के समय तक कोहरा बना रहा। दोपहर 12 बजे से धूप में थोड़ी तेजी आई। गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण उत्तर दिशा की हवा में ठंडक के साथ नमी भी आ रही है और इसी वजह से सर्दी का अनुभव ज्यादा हो रहा है।
उन्होंने बताया कि पश्चिम दिशा से भी हवा का बहाव होने के कारण मौसम शुष्क बना हुआ है, अन्यथा 91 फीसदी आर्द्रता होने पर घना कोहरा छाने की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम तक बैरोमीटर सूचकांक आठ मिली बार बढ़ चुका है। इसलिए शनिवार को तेज हवा चलने से मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन सर्दी का प्रकोप बढ़ने की संभावना है।
नगर आयुक्त ने रैनबसेरों का किया निरीक्षण, जलवाए अलाव
तापमान गिरने के साथ ही नगर निगम ने रोडवेज बस अड्डे समेत छह स्थानों पर रैन बसेरे बनाए हैं। वहां पर पर्याप्त इंतजाम कराए गए हैं। शुक्रवार रात में पहली बार नगर निगम की ओर से अलाव जलवाए गए। नगर निगम रेलवे स्टेशन पर रैनबसेरा नहीं बनाता है। स्टेशन पर यात्रियों के लिए अलाव की व्यवस्था भी नहीं की जाती है। नगर निगम ने रात में अलाव जलवाने शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार रात नगर आयुक्त डॉ. बिपिन मिश्रा ने रैनबसेरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं। नगर आयुक्त ने बताया कि अभी रोडवेज बस स्टैंड, डूडा कार्यालय के पास, राजकीय मेडिकल कॉलेज में अलाव की व्यवस्था कर दी गई है। धीरे-धीरे कर इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी। संवाद