कांट में समीर के मकान से बिजली का मीटर उखाड़ती निगम की टीम। स्रोत: बिजली निगम
कांट (शाहजहांपुर)। कमलनैनपुर गांव निवासी गौतम की हत्या के आरोपी समीर और उसके चाचा शमीम के मकान का बिजली का मीटर बृहस्पतिवार को विद्युत निगम ने उतारकर जब्त कर लिया। समीर के पिता लियाकत और चाचा दोनों पर आठ लाख रुपये का बकाया है। राजस्व वसूली के लिए दोनों को आरसी जारी करने की तैयारी की गई है।
31 जुलाई की रात सैलून चलाने वाले समीर ने गौतम मौर्य की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। हत्याकांड में समीर के अलावा उसके पिता लियाकत, भाई राजा और चचेरे भाई तदीम को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। घटना के बाद बवाल होने पर नगर पंचायत ने मकान को ध्वस्त कराने का नोटिस चस्पा किया।
वहीं, विद्युत निगम ने अपने अभिलेख चेक किए तो समीर के पिता लियाकत पर लगभग तीन लाख और उसके चाचा शमीम पर पांच लाख रुपये बकाया निकला। वसूली की अदायगी के लिए केबल और तार को जब्त करने की तैयारी की गई थी। बृहस्पतिवार को जेई आदर्श कुमार के नेतृत्व में निगम की चार सदस्यीय टीम समीर के बंद मकान पर पहुंची। दोनों ही बकायेदारों के मीटर उखाड़ने के बाद केबल भी जब्त कर ली गई।
उनसे बकाया वसूली के लिए तहसील स्तर से आरसी जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। अधिशासी अभियंता ग्रामीण अनिल मिश्रा ने बताया कि बकायेदारों को पूर्व में नोटिस जारी किया गया था। अब उनका मीटर उखाड़ने की कार्रवाई की गई है।
गवाहों के दर्ज किए जा रहे मकान
बुधवार को पुलिस ने हत्याकांड की साजिश रचने के आरोपी अश्वनी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस की विवेचना चल रही है। अब थाने में गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। सात-आठ गवाहों के बयान अब तक दर्ज हो चुके हैं। एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि जल्द से जल्द विवेचना पूरी कर आरोपपत्र अदालत में दाखिल किया जाएगा।