शुक्रवार को हुई भीषण गर्मी से आम जनजीवन बेहाल हो गया। सूरज के आग उगलने से पारा 41 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे लोग प्यास और गर्मी से व्याकुल हो गए। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा नजर आया। वहीं बाइकर्स, रिक्शा और साइकिल सवार एवं पैदल राहगीर गर्मी से चेहरे को बचाने के लिए गमछा, स्कार्फ, रूमाल और कैप लगाकर निकले।
बीते दिनों से बढ़ रही गर्मी का एहसास शुक्रवार लोगों को कुछ ज्यादा ही हुआ। सूर्यदेव के तेवर चढ़ने की वजह से पारा भी 41 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। गर्मी बढ़ने की वजह से 12 बजते ही व्यस्त रहने वाली सड़कों पर सन्नाटा नजर आने लगा। इसके साथ ही जो भी राहगीर निकले खुद को धूप बचाने के इंतजाम पूरे करके ही निकले।
बाजारों में शीतल पेयों की बिक्री में यकायक इजाफा हो गया। सड़कों के किनारे लगे गन्ने के जूस के ठेलों, कोल्ड्रिंक की दुकानों, कच्ची बर्फ मिलने वाले स्थानों और आइसक्रीम आदि के ठेलों पर ग्राहकों की भीड़ भी नजर आने लगी है।