सिखों के आराध्य गरु नानक देव जी महाराज का प्रकाश पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने गुरु ग्रंथ साहिब के दरबार मेें मत्था टेककर सुख-समृद्धि की कामना की और लंगर में प्रसाद छका। इस अवसर पर डीएम राम गणेश, एसपी केबी सिंह, एलआईयू इंस्पेक्टर राजेंदर सिंह सलूजा आदि ने भी उपस्थिति दर्ज कराते हुए गुरु महाराज के दरबार में मत्था टेका और मनौती मांगी।
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में प्रकाश पर्व का शुभारंभ श्री अखंडपाठ के समापन से किया गया। सुखमनी साहिब के पाठ हुए और उसके बाद गुरुद्वारा कुटिया साहिब के रागी जत्थे में शामिल भाई कुलविंदर सिंह और गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के रागी जत्थे में शामिल भाई सतनाम सिंह, भाई गुरदीप सिंह राणा, जसप्रीत सिंह कोमल आदि ने सबद-कीर्तन और गुरु महिमा सुनाकर श्रद्धालुओं को निहाल किया। इसी कड़ी में अमृतसर के भाई कौला भलाई केंद्र के भाई अंतरप्रीत सिंह ने गुरु नानक देव जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर गुरु ग्रंथ साहिब के दरबार को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया था। पर्व पर होने वाले आयोजन के लिए ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया था। गुरुद्वारा की प्रधान कमलेश कौर माटा ने अतिथियों समेत सेवादारों को सरोपा भेंटकर सम्मानित किया। जगजीत सिंह के संचालन में हुए कार्यक्रम के समापन पर सभी ने लंगर छका। आयोजन में दलीप सिंह, करतार सिंह, महेंद्र सिंह, मंजीत सिंह, गुरमीत सिंह बग्गा, गुरमीत सिंह गांधी, राज कौर, दर्शन सिंह बजाज, जसमीत कौर, रंजीत सिंह बग्गा, गुरवचन सिंह माटा, प्रेम सिंह, निरंकार सिंह, जवाहर सिंह टुटेजा, मनमोहन कौर, कीरत कौर, सुरेंद्र सिंह, जसपाल सिंह चंदी आदि का योगदान रहा।