जलालाबाद सीएचसी पर लगी भीड़ व मौजूद पुलिस। संवाद
जलालाबाद। जलालाबाद के गांधीनगर निवासी नितिका गुप्ता (23) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके वालों ने पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों के मुताबिक सुबह नितिका ने भाई सजल को फोन कर कहा था कि उसे ससुराल से ले जाओ...ये लोग उसकी हत्या कर सकते हैं। जब वे लोग ससुराल पहुंचे तो वहां उसका शव मिला।
बरेली हाईवे के किनारे मोहल्ला गांधीनगर निवासी अरविंद गुप्ता ने अपनी बेटी नितिका की शादी मोहल्ला गोपालनगर निवासी सोल्जर गुप्ता के साथ मई 2021 में की थी। सोमवार सुबह करीब सात बजे नितिका गुप्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अरविंद ने बताया कि ससुराल के लोग दहेज को लेकर अक्सर उसकी बेटी के साथ मारपीट करते थे। उसकी पीटकर हत्या की गई है। बताया कि बेटी के चेहरे तथा शरीर पर चोट के कई निशान थे। वहीं ससुराल के लोग नितिका के फंदे से लटककर जान देने की बात कह रहे हैं। अरविंद ने पुलिस को तहरीर देकर हत्या का आरोप लगाया है। नितिका का दो साल का एक बेटा है।
अरविंद ने बताया कि उनके तीन बच्चों में नितिका अकेली बेटी थी। हैसियत से ज्यादा दहेज देकर उन्होंने बेटी की शादी की थी। इसके बावजूद दहेज की मांग को लेकर ससुराल के लोग बेटी के साथ मारपीट करते थे।
सीओ जलालाबाद अजय राय ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। प्रथमदृष्टया महिला द्वारा फंदे से लटककर जान देने की बात सामने आ रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होगा। पुलिस जांच कर रही है।
याकूबपुर तिराहे पर मिली नितिका
अरविंद ने बताया कि बेटी का फोन आने पर वे लोग उसकी ससुराल पहुंचे। इस दौरान दामाद सोल्जर व उसके घरवाले उसकी बेटी को गाड़ी में डालकर ले जा रहे थे। उन लोगों ने स्कूटी से पीछा करने के साथ ही डायल 112 पुलिस को सूचना दी। गाड़ी याकूबपुर तिराहे के पास स्थित एक अस्पताल में रुकी। बताया कि वहां पहुंचने से पहले ही बेटी की मौत हो चुकी थी। पुलिस उन लोगों को लेकर सीएचसी पहुंची जहां डॉक्टर ने नितिका को मृत घोषित कर दिया।
जलालाबाद सीएचसी पर लगी भीड़ व मौजूद पुलिस। संवाद
जलालाबाद सीएचसी पर लगी भीड़ व मौजूद पुलिस। संवाद