फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: चहका बाजार.... दुकानदारों के चेहरे खिले

विज्ञापन
बहादुरगंज में बाजार में मूर्तियों की खरीदारी करतीं युवतियां। संवाद
विज्ञापन
शाहजहांपुर। दीपावली पर शनिवार को शहर के बाजारों में खूब रौनक रही। सुबह से मध्य रात्रि के बाद तक खरीदारी का सिलसिला चलता रहा। लोगों ने घरों में पूजन की तैयारी के साथ श्री लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, मिट्टी के दीपक, मोमबत्तियां, खील-खिलौने और पूजन सामग्री की जमकर खरीदारी की। करोड़ों का कारोबार हुआ।
विज्ञापन

शहर के सदर बाजार, चौक, मंडी, जलालनगर बजरिया में सुबह से ही खरीदारी का सिलसिला शुरू हो गया। सबसे ज्यादा खील-खिलौनों, मिठाई और सजावटी सामान की दुकानों पर भीड़ रही। लोगों ने घरों और प्रतिष्ठानों को रोशन करने के लिए बिजली की रंग-बिरंगी झालरें और अन्य सजावटी सामान खरीदे।
सराफे की दुकानों पर भी खरीदारी का सिलसिला जारी रहा। सदर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद सराफ ने बताया कि जिले में करीब 600 सराफा दुकानें हैं। इसमें चांदी के बर्तन, कछुआ, मूर्तियां, सोने में हल्के वजन के आभूषण, हीरे की अंगूठियां आदि खरीदी गईं। दो दिन में करीब 50 करोड़ के कारोबार का अनुमान है।
विज्ञापन

इसी प्रकार विभिन्न प्रकार के उपहारों और गिफ्ट हैंपर की भी खूब बिके। व्यापारी शोभित गुप्ता ने बताया कि जिले में करीब 70 लाख रुपये का कारोबार होने का अनुमान है।
इसी क्रम में लोगों ने घरों को सजाने के लिए भी दिल खोलकर खर्च किया। व्यापारी गौरव अरोरा बताते हैं कि जिले में सजावटी सामान का करीब एक करोड़ का कारोबार हुआ है तो मूर्ति विक्रेता पप्पू ने बताया कि करीब डेढ़ करोड़ रुपये की मूर्तियां बिकी हैं।

खूब बिकीं इलेक्ट्रिक झालरें
घरों को सजाने के लिए लोगों ने इलेक्ट्रिक झालरें भी खूब खरीदीं। 50 से लेकर एक हजार रुपये तक की झालरें लोगों ने पसंद कीं। झूमर, बल्ब, बिजली वाले पट्टी आदि भी खरीदी गईं। सदर इलेक्ट्रानिक एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज टंडन के अनुसार, जिले में इलेक्ट्रिक सामान की करीब 200 दुकानें हैं। ऐसे में करीब डेढ़ करोड़ का कारोबार होने का अनुमान है। वहीं इलेक्ट्रानिक उत्पादों के व्यापारी उमेश चंद्र पाठक ने बताया कि करीब पांच करोड़ का कारोबार होने की संभावना है।

ब्रांडेड बर्तन बने पहली पसंद
बर्तनों की दुकानों पर भी काफी भीड़ रही। व्यापारियों के अनुसार, ब्रांडेड बर्तनों के प्रति लोगों का रुझान अच्छा रहा तो स्टील, पीतल और तांबे के बर्तन भी खूब बिके। बर्तन व्यापारी राजेश गुप्ता ने बताया कि शहर में करीब छोटी-बड़ी सौ बर्तनों की दुकानें हैं। दो दिन में लगभग 60 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है।

मिठाई की दुकानों पर भी उमड़े खरीदार



मिठाई की दुकानों पर भी जबरदस्त बिक्री हुई। मिठाई विक्रेता आकाश ने बताया कि ग्राहकों की पसंद को देखते हुए विभिन्न तरह की मिठाई तैयार की गई है। देसी घी से निर्मित मिठाई ज्यादा पसंद की जा रही है। इसमें चूरमा लड्डू, रसभरी, मूंग की दाल की मिठाई, काला जाम, पान गिलौरी पेठे वाली, काजू बर्फी की खूब बिक्री हो रही है। चूरमा लड्डू 640 रुपये और काजू कतली 1160 रुपये किलो है।

छोटी दीपावली : रोशनी से जगमगाईं इमारतें, हनुमतधाम पर जले 15 हजार दीप

शाहजहांपुर। छोटी दीपावली पर शनिवार की शाम शहर रोशनी से जगमगा उठा। घरों, दुकानों और इमारतों को रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया। शाम होते ही लोगों ने दीप जलाकर खुशियां मनाईं। महिलाओं और बच्चों ने आतिशबाजी कर त्योहार का उत्साह बढ़ाया। दूसरी ओर हनुमतधाम पर नगर निगम की ओर से आयोजित दीपोत्सव में एक साथ 15 हजार दीप जलाए गए।



हनुमतधाम पर आयोजित कार्यक्रम में दीपों की जगमगाहट से पूरा परिसर आलोकित हो उठा। इससे पहले परिसर में आकर्षक रंगोली सजाई गई। स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने भजन प्रस्तुत कर माहौल भक्तिमय बना दिया। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, सांसद अरुण सागर, महापौर अर्चना वर्मा, डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी आदि मौजूद रहे। निगोही के बरीलालपुर स्थित राजकीय हाईस्कूल में छात्राओं ने आकर्षक रंगोली बनाई। प्रधानाचार्य दीपक कुमार दीक्षित ने छात्र-छात्राओं का उत्साह बढ़ाया।

बहादुरगंज में बाजार में मूर्तियों की खरीदारी करतीं युवतियां। संवाद

बहादुरगंज में बाजार में मूर्तियों की खरीदारी करतीं युवतियां। संवाद

बहादुरगंज में बाजार में मूर्तियों की खरीदारी करतीं युवतियां। संवाद

बहादुरगंज में बाजार में मूर्तियों की खरीदारी करतीं युवतियां। संवाद

बहादुरगंज में बाजार में मूर्तियों की खरीदारी करतीं युवतियां। संवाद

बहादुरगंज में बाजार में मूर्तियों की खरीदारी करतीं युवतियां। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें