रोजा क्षेत्र में लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर लगा जाम। संवाद
रोजा (शाहजहांपुर)। हरदोई बाइपास से बरेली मोड़ की ओर जा रहा डीसीएम मिनी ट्रक शनिवार को पूर्वाह्न करीब 11 बजे खराब हो जाने से लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर चालू रखी गई लेन पर जाम लग गया। दो घंटे तक जाम लगा रहने से हाईवे पर दोनों दिशाओं में वाहनों की करीब दो किमी लंबी कतारें लग गईं और भीषण गर्मी में जाम में फंसे लोग बेहाल हो उठे। बता दें कि दूसरी लेन निर्माण कार्य के चलते बंद थी।
लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर इन दिनों बरेली मोड़ से हरदोई बाइपास की ओर जाने पर गर्रा नदी के पुराने पुल से पहले कान्हा गोशाला को जाने वाले मार्ग की मरम्मत कराई जा रही है। इस काम के लिए गर्रा नदी के 200 मीटर पहले से कान्हा गोशाला जाने वाले मार्ग तक बरेली मोड़ से हरदोई बाइपास जाने वाली लेन को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। इस कारण दोनों ओर के आने-जाने वाले वाहनों को हरदोई बाइपास से बरेली मोड़ जाने वाली लेन से ही निकाला जा रहा है।
शनिवार को पूर्वाह्न इसी लेन पर हरदोई बाइपास से बरेली मोड़ की ओर जा रहा मिनी ट्रक खराब होकर बंद होते ही जाम लगने लगा। कुछ ही देर में दोनों दिशाओं के वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, लेकिन पुलिस बेखबर बनी रही। थाने सूचना देने पर भी मौके पर कोई सिपाही नहीं पहुंचा।
राहगीरों ने जैसे-तैसे डीसीएम को धक्का लगाकर हाईवे के किनारे किया। तब तक हाईवे पर आड़े-तिरछे वाहनों की वजह से जाम काफी लंबा हो चुका था। बाद में वहां पहुंचे पुलिस की पीआरबी टीम के सिपाही राघवेंद्र ने किसी तरह जाम को खुलवाया। काफी देर तक वाहन धीरे-धीरे निकलते रहे। दोपहर एक बजे के बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका। इस दौरान जाम में फंसे लोग, खासकर बच्चे भूख-प्यास से बेहाल हो उठे।