खुटार (शाहजहांपुर)। कुसुमा गांव में सोमवार सुबह एक सियार ने घुसकर द्वारिका प्रसाद की 18 वर्षीय पुत्री ज्योति पर हमला करके घायल कर दिया। इसके अलावा सियार ने गांव में ही 13 पशुओं पर भी हमला कर दिया। सियार के हमले से गांव के लोगों में दहशत का माहौल है।
गांव कुसुमा निवासी द्वारिका प्रसाद, इंद्रपाल, रामचंद्र, रामनिवास, दाताराम, मोहनलाल, राजेंद्र, राम खिलावन आदि लोगों ने बताया कि सोमवार सुबह दस बजे खेतों की ओर से एक सियार गांव में घुस आया। सियार ने मकानों के सामने बंधी भैंस, गाय पर हमला करके कई जगह काट लिया। गांव के लोगों ने एकत्र होकर बमुश्किल सियार को खेतों की तरफ भगाया। कुछ देर बाद सियार फिर गांव में घुस आया और द्वारिका प्रसाद के घर में घुसकर खाना खा रही उनकी पुत्री ज्योति देवी पर हमला कर दिया। परिवार के लोगों ने बमुश्किल शोर मचाकर सियार को भगाया। गांव में सियार के पशुओं और युवती पर हमला करने के बाद से लोगों में भय का माहौल है।