शाहजहांपुर। आरसी मिशन थाना क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती में धर्मांतरण के मामले की भी जांच एसआईटी करेगी। एसपी राजेश द्विवेदी की निगरानी में बनी एसआईटी पूर्व में हुए धर्मांतरण के मामलों की जांच भी कर रही है। बैंक डिटेल और कॉल डिटेल के सहारे फंडिंग के तार जोड़े जाएंगे।
रविवार की सुबह आरसी मिशन थाना क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती रेती में एक घर में अवैध रूप से अस्थायी चर्च बनाकर धर्मांतरण के लिए उकसाने का मामला सामने आया था। पुलिस ने हिंदू युवा वाहिनी के महानगर अध्यक्ष अभिषेक तिवारी के लगाए गए आरोप के आधार पर हरजीत उर्फ हनुक व उनकी पत्नी सुनीता सिंह निवासी मोहल्ला तारीन गाड़ीपुरा को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
अगस्त माह में भी आरसी मिशन थाना क्षेत्र में धर्मांतरण का मामला सामने आया था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की थी। जुलाई में सिंधौली में धर्मांतरण का मामला सामने आया था। पांच-छह साल से सिंधौली में गुरुद्वारे और पेट्रोल पंप के सामने एक मकान में ईसाई समाज के लोगों की प्रार्थना सभा चल रही थी।
हिंदू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह की तहरीर पर पुलिस ने दस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले में तमिलनाडु से फंडिंग की बात भी सामने आई थी। खुटार के एक गांव में भी धर्मांतरण के आरोप में हंगामा हुआ था। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया है कि धर्मांतरण के कई मामले सामने आ चुके हैं।
कुछ मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच चल रही है। इन मामलों की जांच के लिए एसआईटी बनाई गई है। एसपी के मुताबिक उनकी निगरानी में बनी टीम में एसओजी, सर्विलांस सेल की मदद ली जा रही है। जांच संबंधित थाने के विवेचक ही करेंगे।
एसआईटी बाहर से होने वाली फंडिंग की जांच के लिए बैंक डिटेल मिलने का इंतजार कर रही है। कॉल डिटेल के माध्यम से भी धर्मांतरण से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी की जा रही है।