जिला पंचायत से आवंटित दुकान को नगर के ही एक व्यक्ति से कब्जा मुक्त कराने की मांग को लेकर चक्कर काट रहे बुजुर्ग ने सोमवार को तहसील प्रांगण में आमरण अनशन शुरू कर दिया। नगर के मोहल्ला ब्रह्मनान निवासी राम शंकर के अनुसार काफी समय पहले उसे जिला पंचायत ने रोडवेज के पास भूमि आवंटित की थी, जहां उसने दुकान रख ली। कुछ साल पहले एक दबंग ने असलहों के बल पर उस पर कब्जा कर लिया। इसके बाद करीब दस सालों से वह उसे कब्जा मुक्त कराने को अधिकारियों से गुहार लगा रहा है। यही नही जिला पंचायत को उक्त जमीन का किराया भी वही भर रहा है। भुक्तभोगी का कहना है कि जिला पंचायत ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को नोटिस भेजने के साथ ही एसडीएम को पत्र भेजकर जगह को खाली कराने के लिये कहा परंतु प्रशासन ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। आरोप लगाया कि एसडीएम के आदेश पर मौके पर गये जांचकर्ता को आरोपी व उसके पुत्र ने जान से मार की धमकी दी, जिसकी पुलिस ने एनसीआर दर्ज भी दर्ज की परंतु इसके बाद भी कोई कार्यवाही आगे नही बढ़ सकी, जिससे व्यथित होकर उसने यह कदम उठाया है। पीड़ित के अनुसार उसकी जान को भी खतरा बना हुआ है। इस संबंध मे पूछने पर एसडीएम एसपी सिंह ने बताया कि उक्त जमीन जिला पंचायत की है जिला पंचायत द्वारा राम शंकर के पक्ष मे कोई अनुबंध पत्र जारी नही किया गया है। इस मामले मे उनका कोई हस्तक्षेप नही हो सकता कानूनन जिला पंचायत अपने स्तर से कार्यवाही करे। इसके लिये उन्हें प्रशासनिक मदद मुहैया करा दी जाएगी। इस संबंध में जिला पंचायत के एमए को पत्र भी भेज दिया गया है।