बंडा। बीमारी के चलते चार साल के बच्चे की बरेली के निजी अस्पताल में हुई मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पड़रिया दलेलपुर गांव पहुंचकर लोगों की जांच की। नमूने लेकर दवा वितरित की।
गांव के संतोष कुमार ने बताया कि उसके भाई दिलीप कुमार के चार वर्षीय बेटे राम के गले में चार-पांच दिन से दिक्कत थी। उसे मेडिकल कॉलेज से लखनऊ रेफर कर दिया गया था। हालत बिगड़ने पर परिवार के लोग राम को बरेली के एक निजी अस्पताल लेकर गए। शनिवार सुबह इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई।
डिप्थीरिया की आशंका जताई गई। सीएचसी प्रभारी डॉ.वीके वर्मा ने बताया कि बीमारी के चलते बच्चे की मौत हुई। जिस कारण उसके निकट रहने वाले बच्चों का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया है। अभी कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी। संवाद