शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र के प्राथमिक स्कूल में छात्राओं से छेड़खानी के आरोपी प्रभारी प्रधानाध्यापक आसिफ जमाल को पुलिस ने कोर्ट में पेश करने के बाद शनिवार को जेल भेज दिया। पुलिस पूछताछ में उसने गलती स्वीकार कर ली। कहा कि मुझसे गलती हो गई। आरोपी के खिलाफ विभागीय जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी गई है।
प्राथमिक विद्यालय की छात्राओं ने प्रभारी प्रधानाध्यापक आसिफ जमाल पर छेड़खानी का आरोप लगाया था। मामले में बीएसए रणवीर सिंह ने जांच कर निलंबित कर दिया था। इस बीच पीड़ित परिवार ने थाने पर जाकर तहरीर दी तो पुलिस ने भी आरोपी पर कानूनी शिकंजा कस दिया।
इधर बीएसए ने जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन कर दिया है। कमेटी में बीईओ निगोही रमेश पंकज, बीईओ जलालाबाद सुनील कुमार और बीईओ नगर सपना रावत शामिल हैं। उनसे 15 दिन के अंदर जांच कर आरोप पत्र देने के निर्देश दिए गए हैं।