गांव हथौड़िया में पुल निर्माण के लिए भूमि पूजन करते वित्तमंत्री सुरेश खन्ना। स्रोत: सूचना विभाग
शाहजहांपुर। खन्नौत नदी पर गांव हथौड़िया पश्चिमी से पीपल घाट के बीच पुल का रविवार को वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने शिलान्यास और भूमि पूजन किया।
वित्तमंत्री ने कहा कि नगर निगम का दर्जा दिलाने और स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए गए। हथौड़िया से मऊ मार्ग पर खन्नौत नदी पर बनने वाला यह पुल महत्वपूर्ण परियोजना है। इससे क्षेत्र के लोगों को नदी पार करने में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि पुल के निर्माण से क्षेत्रवासी कम दूरी तय करके अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
परियोजना प्रबंधक विजेंद्र कुमार मौर्य ने बताया कि प्रस्तावित पुल की लंबाई 107.08 मीटर है। लागत करीब 18.74 करोड़ रुपये आएगी। सांसद अरुण सागर, राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार व डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे।