सूूबे की मौजूदा सरकार गरीबों और मजलूमों का शोषण कर रही है। इस तबके का बसपा शासन काल में उत्थान के लिए कई योजनाएं चली थीं। जनता अब प्रदेश में बदलाव चाहती है और जमीनी स्तर पर मतदाताओं में इसकी बयार बह चली है। यह बातें बसपा विधायक नीरज कुशवाहा ने रविवार को आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में कहीं। इस सम्मेलन में 15 जनवरी को शाहजहांपुर के खिरनी बाग में मनाए जाने वाले जनकल्याणकारी दिवस कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
विधायक ने कार्यकर्ताओं का अह्वान किया कि वे अभी से चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। उन्होंने कलान, मिर्जापुर और परौर समेत दूरदराज के गांवों से आये कार्यकर्ताओं को 15 जनवरी के कार्यक्रम संबंधी दायित्व बांटे। इस मौके पर संगठन के जिला महासचिव महेश सागर, कोषाध्यक्ष संजीव राठौर के अलावा ऋषिकान्त पांडेय, आलोक मिश्रा, श्यामू कुशवाहा, अशोक कुशवाहा, कमल पाण्डेय समेत बड़ी संख्या मे कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नरेन्द्र गौतम ने किया जबकि अध्यक्षता श्याम लाल सागर ने की।