शाहजहांपुर। शादी समारोह में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म के मामले में मदनापुर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। डरी-सहमी बच्ची ने अपनी मां को बताया था कि उसके साथ गलत काम करने वाला बाबा जैसा दिखता है। बुधवार को पुलिस ने 65 वर्षीय योगेंद्र दास नाम के व्यक्ति को पकड़ लिया है। उससे पूछताछ के साथ साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।
थाना क्षेत्र के एक गांव में पांच मई को शादी समारोह के दौरान डीजे पर डांस करते समय छह वर्ष की बच्ची लापता हो गई थी। बरात आने से पहले करीब पौने 11 बजे बच्ची खेतों की ओर से आई। वह काफी डरी-सहमी थी। उसने अपनी मां को बताया कि एक बाबा ने उसके साथ गलत काम किया है। बेटी के खून से सने कपड़ों के देख मां दंग रह गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बालिका को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। एसपी राजेश द्विवेदी ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली थी। पुलिस ने छह लोगों को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की। मामले में बालिका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने डांस के दौरान की वीडियो क्लिप भी तलाश की। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि बच्ची से दुष्कर्म के मामले में कई टीमें लगाई गई थीं। पुलिस ने घटना का अनावरण करते हुए गांव के ही 65 वर्षीय योगेंद्र दास को पकड़ा है। वह परिवार से अलग रहता है।