जैतीपुर में गौहावर-हिम्मतपुर मार्ग मकरंदपुर गांव के तालाब के पास तेजी से कट रहा है। संवाद
जैतीपुर। पुवायां-दातागंज स्टेट हाईवे से जुड़े गौहावर-हिम्मतपुर मार्ग मकरंदपुर गांव के तालाब के पास से तेजी से कट रहा है। मार्ग के एक ओर का फुटपाथ तालाब में समा जाने के बाद अब मार्ग पर बिछे बजरी-कोलतार के उखड़ने के आसार हैं। मार्ग के कटान वाले हिस्से में आवागमन खतरनाक हो गया है। इसके बावजूद मार्ग के दोनों ओर बसे गढ़ियारंगीन क्षेत्र के करीब 24 से अधिक गांवाें के लोग दिक्कताें का सामना करते हुए इसी मार्ग से गुजर रहे हैं।
करीब तीन किमी लंबा यह मार्ग एक ओर दातागंज स्टेट हाईवे तो दूसरी ओर गढ़िया रंगीन-फतेहगंज पूर्वी मार्ग पर हिम्मतपुर चौराहे के पास जुड़ा है। यातायात के लिहाज से यह मार्ग बेहद व्यस्त रहता है। लोग गढ़ियारंगीन जाने या फिर जैतीपुर ब्लाॅक मुख्यालय आने के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं।
गत वर्ष सड़क का नवीनीकरण हुआ, लेकिन उस दौरान मकरंदपुर गांव के तालाब के पास सड़क का कटान रोकने के लिए कोई प्रयास नहीं किया गया। क्षेत्र के उदयवीर सिंह, गुड्डू यादव, रघुवीर सिंह, अंकित यादव, शैलेंद्र सिंह, जसवीर सिंह, आकाश सिंह आदि ने तालाब के पास सड़क सही कराने की मांग की है।
पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता वीरपाल ने बताया कि सड़क के कटान की जानकारी है। इस संबंध में एक अन्य पुलिया की अनुमति मांगी गई है। अभी इसकी मंजूरी नहीं मिली है। जल्द समस्या का समाधान कराया जाएगा।