जलालाबाद में गांव ढका में निर्माणाधीन रेस्ट एरिया। संवाद
जलालाबाद। गंगा एक्सप्रेसवे बनने से यहां के लोगों को न केवल आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी, नगर के पास शाहजहांपुर हाईवे के किनारे कलक्टरगंज से लेकर उबरिया गांव तक आसपास का करीब सात किमी का दायरा औद्योगिक गलियारा विकसित होने पर क्षेत्र में विकास की नई इबारत भी लिखेगा।
नगर से करीब पांच किमी आगे उबरिया गांव के पास एक्सप्रेसवे शाहजहांपुर मार्ग (लिपुलेख-भिंड हाईवे) के ऊपर से निकाला गया है। इससे तीन किमी पहले कलक्टरगंज गांव के पास एक्सप्रेसवे पर चढ़ने-उतरने के लिए इंटरचेंज बनाया गया है। इन दोनों के बीच गांव गुलड़िया में 102 हेक्टेयर क्षेत्र में औद्योगिक गलियारा बनाया जाना प्रस्तावित है।
इसके लिए किसानों से जमीन के बैनामा भी कराए जा चुके हैं। यूपीडा ने इस जमीन पर नाली, सड़क, बिजली आदि जैसी बुनियादी सुविधाओं का विकास करने के लिए दिल्ली की एक निर्माण कंपनी को ठेका दिया है। यह सुविधाएं बहाल होने के बाद उद्योग व कारखाने स्थापित करने के लिए प्रक्रिया के तहत आवेदन करने वाली कंपनियों को जमीनों का आवंटन शुरू कर दिया जाएगा।
उबरिया से करीब डेढ़ किमी आगे गांव ढका ताल्लुके उजेरा गांव में रेस्ट एरिया निर्माणाधीन है, जहां होटल, अस्पताल, फ्यूल पंप, जलपान गृह आदि बनाए जा रहे है। औद्योगिक गलियारे का काम पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को विभिन्न कारखानों में रोजगार भी मिलेगा। इसके साथ ही क्षेत्र विकसित होने से लोग स्वयं के लघु उद्योग आदि स्थापित करके आत्मनिर्भर बन सकेंगे।
जलालाबाद में गांव ढका में निर्माणाधीन रेस्ट एरिया। संवाद