सीतापुर के मोहल्ला तानसेनगंज में रहने वाली वकील ने शाहजहांपुर डिपो के संविदा परिचालक की शिकायत की थी। जिसके मंगलवार को बयान होने थे। यहां बयान देने आई वकील को संविदा परिचालकों ने घेर लिया। वकील और परिचालकों के बीच काफी नोकझोंक हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया।
सीतापुर की रहने वाले वकील रेशमा खान लखनऊ की हाईकोर्ट बैंच में वकील हैं। वह 11 सितंबर को कोर्ट के किसी काम से शाहजहांपुर आई थीं, यहां से घर वापसी में वह अपनी महिला मित्र के साथ शाहजहांपुर डिपो की बस में बैठ गईं। रास्ते में बस का परिचालक अतुल यादव वकील के साथ अभद्रता करने लगा। दोनों की बीच काफी कहासुनी हुई थी। रेशमा ने इसकी शिकायत लखनऊ में परिवहन मुख्यालय में की थी, जिसमें शाहजहांपुर एआरएम कार्यालय में बयान होने थे। महिला वकील के पहुंचने पर आरोपी अतुल अपने साथियों के साथ आ गए और नारेबाजी करने लगे। वकील ने भी उन्हें जमकर सुनाई। सूचना पर महिला थाने की पुलिस पहुंच गई। पुलिस देखकर संविदा चालक मौके से चले गए। बाद में महिला वकील के बयान हुए।