देवकली (शाहजहांपुर)। कई वर्ष से अवैध रूप से जोती जा रही वन विभाग की जमीन को टाइगर रिजर्व क्षेत्र में शामिल किए जाने पर वन अधिकारियों ने कई थानों की पुलिस के साथ शुक्रवार को मौके पर जाकर जमीन भूमाफिया से कब्जामुक्त कराई।
वन विभाग के अधिकारियों ने कब्जामुक्त कराई गई करीब 25 हेक्टेयर जमीन के किनारे जेसीबी से खाई बनवाने के साथ वहां झंडी लगवा दी गई हैं। अब कब्जामुक्त कराई गई जमीन पर वन विभाग पौधरोपण कराएगा। वन विभाग के सर्वे अधिकारी सतीश चंद्र ने बताया कि नवीनगर वन चौकी के पास पांच हेक्टेयर और गहलुइया, बरीबरा, नवदिया बंकी आदि गांवों में करीब 20 हेक्टेयर जमीन चिह्नित कर कब्जामुक्त कराई गई है।
पीलीभीत के उप प्रभागीय वन अधिकारी राम सिंह चौहान ने बताया कि 2019 में जमीन को शाहजहांपुर से उनके कब्जे में मिलने के बाद टाइगर रिजर्व में होने पर काफी जद्दोजहद के बाद जमीन को कब्जामुक्त कराया जा सका है। संवाद