बिजली विभाग की ओर से अपने उपभोक्ताओं के लिए सस्ते एलईडी बल्ब उपलब्ध कराने के लिए शहर में करीब दो दर्जन स्थानों पर स्टॉल लगाए गए। इन स्टालों पर जागरूक लोगों ने जमकर एलईडी बल्ब की खरीददारी की।
राजकीय इंटर कॉलेज के क्रीड़ा मैदान में अधीक्षण अभियंता आरके अग्रवाल ने बिक्री काउंटर का उद्घाटन किया। कचहरी का समीप और शहर का प्रमुख स्थल होने के कारण यहां सर्वाधिक भीड़ उमड़ने की संभावना थी, शायद इसलिए इस मैदान में आठ-दस काउंटर लगाकर एलईडी बल्ब की बिक्री शुरू कर दी गई। उद्घाटन के बाद प्रतीक्षारत उपभोक्ताओं ने ताबड़तोड़ बल्ब खरीदने शुरू कर दिए। खास बात यह भी थी कि पहले किलोवाट कनेक्शन के आधार पर बल्बों का निर्धारण किया गया था, लेकिन उपभोक्ताओं का उत्साह देखकर अधिकारियों ने यह पाबंदी हटा दी। इसी का नतीजा रहा कि लोगों ने मनमुताबिक खरीददारी करनी शुरू कर दी।
प्रभारी अधिशासी अभियंता एसके श्रीवास्तव ने बताया कि पहले दिन गजब का उत्साह देखने को मिला और लगभग 20 हजार बल्ब पहले दिन ही बिक गए। उन्होंने बताया कि सात वॉट की एलईडी में 60 वॉट के सामान्य बल्ब और 30 वॉट की सीएफएल के बराबर रोशनी है। इसके अलावा सभी सात सब स्टेशनों और शहर के सार्वजनिक स्थलों पर भी स्टॉल लगाकर एलईडी की बिक्री की गई। इन स्टालों पर जेई शैलेद्र पांडेय, जेई अनुज श्रीवास्तव, जेई अलंकृत मिश्रा आदि का योगदान रहा। इस मौके पर व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष सचिन बाथम, उद्योगपति रामचंद्र सिंघल समेत तमाम व्यापारी मौजूद रहे।