शाहजहांपुर। कई दिन इंतजार के बाद शनिवार दोपहर हुई सावन की पहली झमाझम बारिश ने गर्मी और उमस से तपते लोगों को बड़ी राहत दी। ठंडी हवा चलने से पारा भी लुढ़का। हालांकि बरसात से हुए जलभराव से लोगों को परेशानी हुई।
दोपहर डेढ़ बजे तक तेज धूप खिली रहने से आसमान से आग बरसती रही लेकिन बाद में मौसम ने करवट बदल ली। अचानक तेज आंधी के साथ धूल के बवंडर उठने लगे। लोगों ने छतों पर सूखने को डाले गए कपड़े जब तक अंदर रखे, आसमान चौतरफा काली घटाओं से घिर गया। इसी के साथ बादल गरज के साथ बरसने लगे। इस दौरान चली ठंडी हवा से उमस और गर्मी में भी काफी कमी आ गई। करीब आधा घंटे तक हुई तेज बारिश ने जनजीवन को निहाल कर दिया लेकिन सड़कों पर जगह-जगह हुए जलभराव ने नगर निगम की नालों-नालियों की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी।
तेज बारिश के दौरान कूड़े-गंदगी से पटे नाले-नालियां उफनाएं तो बरसाती पानी सड़कों पर जहां-तहां इकट्ठा होने लगा। खास यह है कि नगर निगम प्रशासन अभी तक टाउनहाल स्थित अपने कार्यालय के आसपास ड्रेनेज सिस्टम सुधार नहीं सका है। बारिश के बाद दो घंटे तक टाउनहाल में निगम कार्यालय के सामने रोड पर टखनों तक पानी भरा रहा। इसी तरह बहादुरगंज पचराहा, टेलीफोन एक्सचेंज, लोहारों का चौराहा, जलालनगर की तराई बस्ती आदि क्षेत्रों में निचले स्थानों की सड़कें घंटों जलमग्न रहीं।
गन्ना शोध परिषद के मौसम विश्लेषक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मौसम के लिहाज से ऐसा पहली बार देखने में आया जब बारिश के बाद दिन में अधिकतम तापमान रात में न्यूनतम तापमान की तुलना में भी 1.3 डिग्री कम हो गया। रविवार को भी मौसम असामान्य बना रहेगा।
थाने के टिन शेड पर गिरा पेड़, बाल-बाल बचे पुलिसकर्मी
रौसर कोठी। थाना रोजा परिसर में प्रभारी निरीक्षक कार्यालय के सामने खुले स्थान पर बैठने के लिए डाले गए टिन शेड पर तेज आंधी के दौरान शनिवार दोपहर यूकेलिप्टस का पेड़ गिर गया। गनीमत रही कि उस वक्त कार्यालय के बाहर टिन शेड के नीचे कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। कर्मचारी आंधी आने पर धूल से बचने के लिए कुछ क्षण पहले ही वहां से हटे थे कि पेड़ गिर गया।
आंधी में पेड़ गिरने और शार्ट सर्किट से बिजली गुल
शाहजहांपुर। शनिवार दोपहर तेज आंधी चलनी शुरू हुई तो उसने बिजली नेटवर्क को झकझोर दिया। हालांकि, हवा का वेग बढ़ते ही लाइनों को क्षतिग्रस्त होने से बचाने के लिए उन्हें बंद कर दिया गया लेकिन कई जगह पेड़ गिरने और 11 केवी लाइनों के तार आपस में टकराने से शार्ट सर्किट से जंपर जले तो संबंधित इलाकों की बत्ती गुल हो गई।
बहादुरगंज उपकेंद्र से निकली हुंडालखेल फीडर की 11 केवी लाइन पर दुर्गा बेकरी के पास पेड़ की डाल टूटकर गिरी तो लाइन तहसनहस हो गई। बारिश थमने पर प्रभारी अवर अभियंता मनीष प्रजापति ने लाइन स्टाफ से मरम्मत का काम शुरू कराया। इस कारण हुंडालखेल, घंटाघर, मालखाना मोड़, खलीलशर्की आदि क्षेत्रों में करीब चार घंटे तक बिजली संकट बना रहा। आंधी के दौरान ककरा कलां, निगोही रोड गदियाना, गोविंदगंज, सिटी पार्क आदि उपकेंद्रों की 33 केवी इनकमिंग लाइनें बंद रहने से वहां के सभी फीडरों की बिजली आपूर्ति करीब एक घंटे तक ठप रही। संवाद
मिर्जापुर के गुटेटी आश्रम पर गिरा पीपल का पेड़
शाहजहांपुर। शनिवार दोपहर तेज आंधी में मिर्जापुर के ढाईघाट रोड पर स्थित ग्राम गुटेटी उत्तर आश्रम में पीपल की बड़ी शाखा गिर गई। इससे आश्रम को काफी नुकसान पहुंचा है। आश्रम के महंत विद्यास्वरूप ने बताया कि तेज आंधी में खतरे का अहसास होते ही वे आश्रम से निकलकर प्रांगण में बनी हनुमान जी की प्रतिमा के पास चले गए। विशाल पीपल की शाखा आश्रम के ऊपर गिरने से काफी नुकसान हुआ लेकिन वह बच गए।