शाहजहांपुर। कासगंज में महिला अधिवक्ता की हत्या के मामले को लेकर शनिवार को सेंट्रल बार एसोसिएशन की ओर से मुख्यमंत्री को संबंधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा गया। इसमें कहा कि काफी समय बीत जाने के बाद भी अभी तक किसी दोषी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
इसके विरोध में अधिवक्ताओं ने कार्य से विरत होकर विरोध जताया। मांग की गई कि मृतक महिला अधिवक्ता के परिवार को एक करोड़ की सहायता राशि प्रदान की जाए। सीबीए अध्यक्ष नारायण दत्त त्रिपाठी, महासचिव राजीव कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष अजय त्रिपाठी, अंकित कनौजिया, आदर्श मिश्रा, शिवम मिश्रा आदि मौजूद रहे। संवाद
जलालाबाद में वकीलों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
जलालाबाद। कासगंज में महिला अधिवक्ता मोहिनी तोमर की हत्या के विरोध में बार संघ के अध्यक्ष श्याम बाबू सिंह के नेतृत्व में वकील शनिवार को एसडीएम रवींद्र कुमार से मिले। उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित तीन सूत्रीय ज्ञापन दिया, जिसमें हत्या के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उन पर रासुका व गुंडा एक्ट की कार्रवाई करने, वकीलों की सुरक्षा को अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने और दिवंगत वकील के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी के साथ आश्रितों को एक करोड़ रुपये की सहायता देने आदि मांगें शामिल हैं। ज्ञापन देने वालों में जितेंद्र मिश्रा, सत्येंद्र रघुवंशी आदि कई वकील शामिल रहे। संवाद
तत्काल लागू हो एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट
तिलहर। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेश चंद्र सक्सेना, महासचिव राजीव सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। अधिवक्ताओं पर लगातार हमले हो रहे हैं। महासचिव ने मुख्यमंत्री से एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट तत्काल लागू करने की मांग की। संवाद