फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: रेलवे रैक प्वाइंट के सामने लखनऊ हाईवे पर फिर लगा जाम

Sun, 08 Sep 2024 03:08 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
विज्ञापन
रोजा में रेलवे रैक प्वाइंट के सामने नेशनल हाइवे पर लगा जाम। संवाद 
विज्ञापन
रोजा (शाहजहांपुर)। लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर रैंक प्वाइंट के सामने शनिवार सुबह फिर जाम लग गया। लगातार तीन दिन से जाम की समस्या से परेशान जमुही गांव के ग्रामीणों ने धर्मकांटा में ताला जड़कर खाद्यान्न लेकर आए वाहनों की तौल बंद करा दी। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर दोपहर करीब 12:30 बजे जाम खुलवाया।
विज्ञापन


रैक प्वाइंट पर आने वाले अधिकांश वाहन धर्मकांटा पर तौल होने तक हाईवे की दोनों पटरियां घेरकर खड़े रहते हैं। बाद में आने वाले ट्रक और ट्रैक्टर-ट्राॅली के चालक आगे निकलने के लिए अपने वाहन बीच में लाते हैं तो हाईवे पर जाम लग जाता है। बीते दिन इसी वजह से रैक प्वाइंट के पास करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। इसके बावजूद वाहनों को कतार में खड़े कराने की रेल अधिकारियों ने कोई व्यवस्था नहीं की। शनिवार को सुबह सात बजे से वहां जाम लगना शुरू हुआ तो तमाम वाहनों के अलावा आसपास के गांवों से स्कूल जाने वाले बच्चों के वाहन भी फंसने लगे।

हाईवे पर आए दिन जाम की समस्या से परेशान जमुही के ग्रामीण वहां के ग्राम प्रधान ब्रजेश सिंह के साथ सुबह करीब नौ बजे रैक प्वाइंट पर पहुंचे और रेल प्रशासन को निशाने पर लेकर हंगामा करना शुरू कर दिया। इस बीच कुछ ग्रामीणों ने रैक प्वाइंट गेट के पास स्थित धर्मकांटा के कर्मचारियों को बाहर निकालकर वहां ताला डाल दिया। वाहनों की तौल बंद होने से रेलवे रैक की लोडिंग का काम ठप हो गया। रेल अधिकारियों ने आरपीएफ के दो जवान मौके पर भेजे, तब तक जाम लंबा हो चुका था। तौल बंद होने के करीब 20 मिनट बाद रोजा के प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर दारोगा वेद पाल सिंह पुंडीर सिपाहियों को लेकर वहां पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।
विज्ञापन


ग्रामीण इस शर्त पर धर्मकांटा पर जड़ा ताला खोलकर तौल शुरू कराने को तैयार हुए कि पहले हाईवे खाली कराकर वाहन किनारे खड़े कराए जाएं। इस पर दारोगा ने रैक प्वाइंट के सामने लाइनों से हटकर खड़े किए गए वाहन पीछे भेजकर लगवाए। जाम खुलने के कई घंटे बाद तक रैक प्वाइंट के सामने हाईवे के सामान्य यातायात में रुकावट पड़ती रही।
000
ओवरलोड वाहनों पर होनी चाहिए कार्रवाई
धर्मकांटा में ताला डालने वाले ग्रामीणों का कहना है कि यदि रैक प्वाइंट पर आने वाले ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की जाए तो जाम की समस्या काफी हद तक कम की जा सकती है। 12 पहिए वाले ट्रक में 500 कट्टा गेहूं आता है, लेकिन ट्रैक्टर ट्रॉली में गेहूं के 600 कट्टे भरकर लोग धड़ल्ले से निकलते हैं। लोगों ने परिवहन विभाग से भी नाराजगी जताई।

रोजा में रेलवे रैक प्वाइंट के सामने नेशनल हाइवे पर लगा जाम। संवाद 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें