तिलहर। रात में घर में घुसे चोर अलमारी का ताला खोलकर लाखों रुपये के जेवरात और खेत के बैनामें के लिए रखे तीन लाख रुपये चुरा ले गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर गांव के ही कुछ लोगों पर संदेह जाहिर करते हुए रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
गांव रुद्रपुर निवासी धीरज कुमार की पत्नी प्रीति राजपूत ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह 25 जुलाई को अपने पिता पूरनलाल निवासी गांव फिरोजपुर आई थी। खेत का बैनामा कराने के लिए वह अपनी ससुराल से तीन लाख रुपये नगद और जेवर लेकर आई थी। 31 जुलाई की रात परिजन घर के बाहर सोए हुए थे। रात में घर में घुसकर चोरों ने कमरे की बंद अलमारी का ताला खोलकर उसमें रखे रुपये तथा जेवरात चोरी कर लिए।
तहरीर में तीन लाख रुपये, सोने का हार, मंगलसूत्र सहित लाखों रुपये के जेवरात चोरी होने की बात कही है। आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने उसके पिता पूरनलाल से दो दिन पहले घर में घुसकर चोरी करने और मार डालने की धमकी दी थी। थाना प्रभारी धनंजय सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।