खुटार। गांव प्रीतमपुर में एक युवक ने नशे में डंडा मारकर ट्रांसफार्मर का फ्यूज तोड़ दिया। इससे पूरे गांव की बिजली गुल हो गई। अगले दिन शिकायत करने गए गांव के लोगों पर आरोपी और उसके परिवार वालों ने पथराव कर दिया। इससे गांव में काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति रही। पुलिस ने इस मामले में आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
प्रीतमपुर निवासी विक्रम की पत्नी रामा देवी ने बताया कि आठ मार्च की रात नौ बजे गांव के सुरेंद्र ने ट्रांसफार्मर के फ्यूज को डंडा मार कर तोड़ दिया था। इससे पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। जानकारी होने पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे तो सुरेंद्र ने गालीगलौज की। कई लोगों को उसने दौड़ा लिया।
अगले दिन सुबह गांव के लोग सुरेंद्र के घरवालों से शिकायत करने पहुंचे और आगे इस तरह की हरकत न करने को कहा तो तो सुरेंद्र फिर गालीगलौज करने लगा। गांव वालों ने विरोध किया तो सुरेंद्र और उसके परिजनों विनोद, राजेश, दिवेश, रामऔतार, दिनेश, श्रीदेव, पवन आदि ने पथराव कर दिया। इससे भगदड़ मच गई। कई लोग घायल भी हो गए। पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।