शाहजहांपुर। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को कलक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कर-करेत्तर राजस्व वसूली और जन शिकायतों के निस्तारण पर जोर दिया। डीएम ने आईजीआरएस शिकायत निस्तारण में लापरवाही पर मंडी सचिव पुवायां सर्वेश शुक्ला को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए।
डीएम ने तहसील न्यायालयों में पंजीकृत धारा 24, 34, 67, 38 के वादों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी न्यायालय में पांच वर्ष, तीन वर्ष, तीन माह या 45 दिनों से अधिक कोई वाद लंबित नहीं रहना चाहिए। पांच वर्ष से अधिक लंबित वादों की प्रत्येक सप्ताह समीक्षा की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि संदर्भों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता की संतुष्टि के फीडबैक पर विशेष ध्यान दिया जाए। इस दौरान एडीएम प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।