शाहजहांपुर। मनरेगा में आधार लिंक भुगतान करने में जिले ने प्रदेश में छठवां स्थान प्राप्त किया है। मनरेगा में जिले में कुल 396117 श्रमिक पंजीकृत हैं। लगभग 45000 जॉब कार्ड धारक प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना में मजदूरी प्राप्त करने के लिए पंजीकृत हैं।
पंजीकृत परिवारों को उनकी मांग के अनुरूप योजना के तहत कार्य दिया जाता है। बीते तीन वर्षों में जनपद की 1069 गांव पंचायत के 199949 परिवारों द्वारा कार्य की मांग की गई है। बाकी पंजीकृत परिवारों द्वारा न तो योजना में काम मांगा जा रहा और न ही आधार बेस्ड पेमेंट, बैंक खाते से आधार लिंक सक्रिय करने के लिए आधार कार्ड दिया जा रहा है। इसकी वजह से पारदर्शी व्यवस्था के अनुरूप कार्य करवाने में कठिनाई हो रही है। सोमवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, कुल सक्रिय 2,46,127 श्रमिकों के सापेक्ष 2,45,684 श्रमिकों का आधार सीडिंग का कार्य कराते हुए 2,28,236 श्रमिकों यानी 92 प्रतिशत से अधिक का भुगतान किया गया।
इसमें उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर का छठवां स्थान आया है। इसी प्रकार कुल 394592 श्रमिकों के सापेक्ष 352266 श्रमिकों का आधार सीडिंग का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। डीसी मनरेगा बाल गोविंद मिश्रा ने अपील करते हुए कहा कि बाकी बचे श्रमिक भी आधार सीडिंग और बैंक की डीबीटी करा लें, जिससे उनको भुगतान समय से हो सके।