राजकीय मेडिकल कॉलेज की डायलिसिस यूनिट। संवाद
शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में डायलिसिस विभाग को उच्चीकृत करते हुए दो नई मशीनें और लगाई जाएंगी। नई मशीनें जुड़ने से प्रतिदिन अधिक मरीजों का डायलिसिस हो सकेगा। इस विस्तार से किडनी के मरीजों को बेहतर और तेज उपचार मिल सकेगा। इंतजार का समय भी कम होगा।
स्वास्थ्य विभाग ने डायलिसिस विभाग को अपग्रेड करने की योजना के तहत दो नई आधुनिक मशीनें लगाने का निर्णय किया है। इन नई मशीनों के जुड़ने से मरीजों को तेज और बेहतर उपचार की सुविधा मिलेगी। लंबे समय तक इंतज़ार करने की समस्या भी कम हो जाएगी। ये नई मशीनें पुराने मॉडलों की तुलना में अधिक कुशल होंगी। राजकीय मेडिकल कॉलेज में पड़ोसी जिलों लखीमपुर खीरी, हरदोई, फर्रुखाबाद, पीलीभीत के रोगी भी इलाज के लिए आते हैं।
यह की जा रही व्यवस्था
डायलिसिस मशीनों में एक एचआईवी पाॅजिटिव मरीजों के लिए आरक्षित होगी। दूसरी डायलिसिस मशीन गंभीर रोगी व हेपेटाइटिस के मरीजों के लिए होगी। एक आईसीयू में लगाई जाएगी। जबकि अन्य मशीनों के सहारे सामान्य मरीजों की डायलिसिस होगी।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में पहले से छह डायलिसिस मशीनें हैं। दो और नई मशीनों के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। इन मशीनों के बढ़ने से मरीजों को राहत मिलेगी।
- डॉ. राजेश कुमार, प्राचार्य राजकीय मेडिकल कॉलेज