एसडीएम भरतलाल सरोज की अध्यक्षता में रविवार को रमजान के मद्देनजर कोतवाली में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में खंडहर गांव में बनने वाली मस्जिद का प्रकरण छाया रहा। एसडीएम ने इस मामले में कड़ा रूख अपनाते हुए ईद होने तक इसे तूल न देने की कड़ी नसीहत दी।
बैठक में एक पक्ष से आए लोगों ने बताया कि खंडहर गांव में वे लोग मदरसे का निर्माण करा रहे हैं। इस पर कुछ लोगों की आपत्ति के चलते निर्माण कार्य रूका पड़ा है, जबकि पूर्व में दूसरे पक्ष के लोग उक्त गांव में बिना अनुमति के मस्जिद निर्माण शुरू कराए जाने की शिकायत कर चुके हैं। पीस कमेटी की बैठक में जब यह मुद्दा उठा तो एसडीएम व सीओ ने कहा कि त्योहार निपटने तक दोनों ओर से इस संबंध में यथा स्थिति बनाई रखी जाए। इस दौरान बैठक में मौजूद लोगों से अपील की गई कि वह लोग रमजान के त्योहार मिलजुल कर मनाएं। इस मौके पर चेयरमैन संजय पाठक ने रमजान के महीने भर बेहतर पानी सप्लाई व साफ सफाई की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराने का आश्वासन लोगों को दिया। बैठक में पर सीओ आदेश कुमार त्यागी, कोतवाल आरपी सिंह, एसआई आलोक मिश्रा के अलावा कई गांवों के प्रधान वार्ड सदस्य तथा पालिका कर्मी मौजूद रहे।