इंटरव्यू देने जाते समय रेल से गिरकर युवक की मौत
नौकरी के लिए इंटरव्यू देने जा रहे एक युवक की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। मृतक रोजा कस्बे के आदर्श नगर कालोनी का रहने वाला है। हादसे की खबर मिलते ही उसके घर में कोहराम मचा हुआ है। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। थाना क्षेत्र के आदर्श नगर कालोनी निवासी जगदीश चंद्र त्रिवेदी के 30 वर्षीय पुत्र रामजी त्रिवेदी बेरोजगार थे। सोमवार की रात रामजी किसी प्राइवेट सेक्टर में नौकरी के लिए घर से बरेली इंटरव्यू देने जा रहे थे।
जीआरपी प्रभारी चंद्रहास मिश्रा ने बताया कि एसएम रोजा ने सोमवार की रात मेमो देकर सूचना दी कि स्टेशन के समीप पोल संख्या 1230 के पास लाइनों के बीच एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर जामा तलाशी में उसके पास रोजा से बरेली तक का रेल टिकट मिला है व पहचान के कागजात मिले। इससे उसकी पहचान आदर्श नगर कालोनी के रामजी त्रिवेदी के रूप में हुई। मृतक रामजी त्रिवेदी के पिता जगदीश चंद्र त्रिवेदी ने जीआरपी को बताया कि रात मेमो ट्रेन से शाहजहांपुर फिर वहां से कोई एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ कर बरेली जाने की बात कहकर रामजी घर से निकला था। उसका किसी प्राइवेट कंपनी में इंटरव्यू मंगलवार को होना था। घर से निकलने के करीब एक घंटे बाद ही हादसे की खबर मिल गई। रामजी की मौत की खबर फैलते ही पूरे मोहल्ले में कोहराम मच गया। काफी संख्या में लोग जीआरपी कार्यालय पहुंच गए, जहां पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।