रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार को ट्रेन रुकने से पहले ही एक युवक उतरने की जल्दबाजी में ट्रेन से कूद गया। जिसमे उसकी मौत हो गई। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना सदर बाजार क्षेत्र गांव चिनौर निवासी मुज्जफर अली का मझला बेटा 22 वर्षीय इदरीश बड़े भाई असलम और छोटे भाई अबरीश के साथ लखनऊ में रंगाई-पुताई का काम करता हैं। 15 मार्च को इदरीश के साले की शादी गोरखपुर में थी जिसमें शामिल होने के लिए वह अपनी पत्नी को लेने शाहजहांपुर आ रहा था। सुबह वह लखनऊ से शहीद एक्सप्रेस में शाहजहांपुर के लिए सवार हुआ था। दिन में करीब 11 बजे ट्रेन यहां पहुंची। स्पीड तेज होने के बावजूद ट्रेन रुकने से पहले ही इदरीश ट्रेन से कूद गया। उसे लगा कि ट्रेन यहां नहीं रुकेगी। जिससे वह ट्रेन के पहिए की चपेट में आ गया। इदरीश के पास मिले मोबाइल से जीआरपी ने उसके परिवार वालों को सूचना दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे से मृतक के घर में कोहराम मच गया।