मिर्जापुर में कोलाघाट पुल को लेकर चल रही भूख हड़ताल में तबियत बिगड़ने पर अनशनकर्ता को संभालते ल
मिर्जापुर। कोलाघाट पुल से हल्के चार पहिया वाहनों का आवागमन शुरू कराने की मांग को लेकर कोलाघाट पुल संघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ताओं का धरना मंगलवार को नवें दिन भी जारी रहा। छह दिन से भूख हड़ताल पर बैठे दो कार्यकर्ताओं की भीषण गर्मी और उमस में हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल पहुंचाना पड़ा। इस बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद ने धरनास्थल पर जाकर हड़ताली कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया।
दो दिन पहले भूख हड़ताल पर बैठे ओमपाल कुशवाहा और रामदास राठौर की हालत बिगड़ने पर उनके साथियों ने जरियनपुर सीएचसी पर भर्ती कराया था। हालत सुधरने पर रामदास को छुट्टी मिली तो वह अस्पताल से घर जाने के बजाय फिर धरना स्थल पर पहुंचकर हड़ताल में शामिल हो गए, जबकि ओमपाल अभी भर्ती हैं। मंगलवार को भूख हड़ताल पर बैठे रामवीर सिंह सोमवंशी और प्रभाशंकर गुप्ता की हालत खराब होने लगी। इस पर दोनों को जरियनपुर सीएचसी पर भर्ती कराया गया है। इस बीच, कलान के तहसीलदार अजहर अंसारी ने मौके पर पहुंचकर अनशनकारियों से वार्ता की, लेकिन मांग को लेकर गतिरोध बना रहने से आंदोलन जारी रहा।
धरनास्थल पर मांग का समर्थन करते हुए कांग्रेस नेता की पत्नी लुईस ने कहा कि यह बहुत दुखद है कि प्रशासन धरने को कोई तवज्जो नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन द्वारा सुनवाई न होने पर वह लखनऊ तक जाकर कोलाघाट पुल की बात रखेंगी। कांग्रेस पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने कहा कि सदन तक कोलाघाट पुल का मुद्दा उठाया जाएगा। धरना व भूख हड़ताल में सूरजपाल यादव, रामकुमार राठौर, मोहित शर्मा, पार्थ यादव, आशीष तिवारी आदि शामिल रहे।