शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार में मोहल्ला बहादुरगंज सब्जी मंडी निवासी मुकेश चंद्र गुप्ता ने मोहल्ले के ही आशीष गुप्ता, निकिता गुप्ता, अरविंद गुप्ता व रमेशचंद्र गुप्ता के खिलाफ 47 लाख रुपये की धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
मुकेश चंद्र गुप्ता ने बताया कि वह चकभिटारा रोड स्थित श्रीराम हाइब्रिड सीड्स कंपनी के प्रोपराइटर हैं। वह बीज की खरीद व बिक्री करते हैं। मैसर्स इंडियन केमिकल्स एंड फर्टिलाइज चकभिटारा के अधिकृत साझेदार हैं। दूसरे साझेदार आशीष गुप्ता है। एक-दूसरे की सहमति के बिना कोई साझेदार धनराशि की निकासी का काम नहीं कर सकता है।
उन्होंने बताया कि पिछले साल 20 दिसंबर को 47 लाख रुपये अपनी फर्म श्रीराम हाइब्रिड के खाते से साझेदारी फर्म के खाते में गेहूं रिलीज के लिए ट्रांसफर किए थे। आरोप है कि साझेदार आशीष गुप्ता ने 21 दिसंबर को धोखाधड़ी करते हुए रुपये अपने खाते में नेट बैंकिंग के माध्यम से ट्रांसफर कर लिए।
धनराशि वापस करने के लिए कहा तो आशीष व उनके पिता अरविंद व नाना रमेशचंद्र ने गाली-गलौज की। परिवार को मारने की धमकी दी। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।