शाहजहांपुर। जिले में संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक से 30 अप्रैल तक चलेगा। 10 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा।
बृहस्पतिवार को डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने विकास भवन सभागार में जनपदस्तरीय अंतरविभागीय बैठक ली। उन्होंने बीडीओ को निर्देश दिए कि गांवों की साफ-सफाई का रोस्टर बनाया जाए। गांव की आबादी से लगे तालाब में जला मोबिल ऑयल डलवाया जाए। गांवों में रोस्टर बनाकर फाॅगिंग कराने के निर्देश दिए। कम गहराई पर बोरिंग वाले हैंडपंप सही कराए जाएं।
नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी नगर पालिका और नगर पंचायतों में साफ-सफाई कराएं। आयुष्मान कार्ड बनने की प्रगति धीमी होने पर डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्ड बनने की प्रगति 80 फीसदी से ऊपर होना चाहिए। इस दौरान सीडीओ डॉ. अपराजिता सिंह, सीएमओ डॉ. विवेक कुमार मिश्र, पीडी अवधेशराम, डीडीओ ऋषिपाल सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद