सोमवार रात कटरा-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर गांव ठिंगरी के पास गन्ना भरी ट्राली के पीछे से तेज स्पीड आ रहे ट्राला ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहन रोड से नीचे खाई में जा गिरे और ट्राला तीन टुकड़ों में बंट गया। देर रात हुए इस हादसे का किसी को पता नहीं लग सका। सुबह जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल पर ट्रैक्टर चालक मृत मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया तथा ट्राला के चालक व अन्य लोग मौके से भाग गए।
मदनापुर थाना क्षेत्र के गांव जटाहरिया निवासी 30 साल के बलवीर सोमवार रात करीब नौ बजे अपना गन्ना ट्राली में भरने के बाद उसे लेकर रूपापुर चीनी मिल जा रहे थे। बताते हैं कि उनके गांव का एक अन्य ट्रैक्टर आगे निकल गया था। इधर बलवीर का ट्रैक्टर जब उक्त स्थान पर था, तभी पीछे से तेज स्पीड आ रहे लोड ट्राला ने टक्कर मार दी। इसके बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त दोनों वाहन खाई में जा गिरे। इस हादसे में बलवीर की मौके पर मौत हो गई। मौके पर पहुंची अल्हागंज पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद मंगलवार सुबह बलवीर के घरवालों को घटना की जानकारी दी। मृृतक के परिवार में पत्नी सुमन के अलावा दो बेटे व चार पुत्रियों की कच्ची गृहस्थी है।