शाहजहांपुर। दशहरे पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस सोमवार से रूट डायवर्जन करेगी। 22 अक्तूबर तक यह लागू रहेगा। इस दौरान भारी वाहनों के साथ ही कुछ मार्गों पर छोटे वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा।
सीओ यातायात रणवीर सिंह ने बताया कि ओसीएफ रामलीला मेले को देखते हुए निगोही की ओर से आने वाले वाहन ग्वाल टोली मैदान पर खड़ा कराएंगे। मऊ खालसा की ओर से आने वाले वाहन एनसीसी तिराहा मैदान और बंडा, पुवायां और सिंधौली की तरफ से आए वाहन ओसीएफ मस्जिद के पास मैदान पर खड़े कराए जाएंगे।
इसी तरह खिरनीबाग रामलीला में भीड़ को देखते हुए अंटा चौराहे की ओर से आने वाले वाहन जेल रोड के पीछे खड़े कराएंगे। उन्होंने बताया कि रोडवेज बसों और भारी वाहनों का रूट भी बदला रहेगा। हथौड़ा चौराहे से शहर की ओर आने वाली रोडवेज बसों और अन्य भारी वाहनों को दियूरिया मोड़ से रिंग रोड होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। मछली मार्केट तिराहा व शहबाजनगर तिराहे से शहर की ओर भारी वाहनों का प्रवेश मेला समाप्त होने तक प्रतिबंधित रहेगा।
रेलवे स्टेशन जाने के लिए अपनाएं वैकल्पिक मार्ग
सीओ ने बताया कि रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग रास्ते निर्धारित किए गए हैं। घंटाघर से लाल इमली चौराहा और मालगोदाम रोड होकर स्टेशन जा सकेंगे। राजघाट और कनौजिया तिराहे की ओर से आने वाले यात्री हद्दफ चौकी रोड, सुभाष चौराहा और मालगोदाम रोड का इस्तेमाल करें। उन्होंने बताया कि इस्लामिया तिराहा, जीआईसी तिराहा, पीडब्ल्यूडी तिराहा और पुलिस अधीक्षक कार्यालय तिराहे से खिरनीबाग चौराहे की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।