शाहजहांपुर। दीपावली पर पूरा शहर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। घरों, प्रतिष्ठानों, बाजारों और सरकारी भवनों को बिजली की झालरों और आकर्षक लाइटों से सजाया गया। शाम होते ही शहर की सड़कों और गलियों में रोशनी बिखर गई। त्योहार के चलते घरों और दुकानों में बिजली का इस्तेमाल बढ़ा, लेकिन इसके बावजूद जिले में बिजली की कुल खपत सामान्य दिनों के मुकाबले कम रही।
दीपावली पर जिले में करीब 250 मेगावॉट बिजली की खपत दर्ज की गई। जबकि सामान्य दिनों में यह आंकड़ा करीब 300 मेगावॉट तक रहता है। 220 केवीए पैना ट्रांसमिशन के अधीक्षण अभियंता अमरेंद्र कुमार ने बताया कि दीपावली पर औद्योगिक इकाइयां बंद रहने के कारण बिजली की मांग में कमी आई।
इसके साथ ही मौसम सामान्य रहने से भी खपत पर असर पड़ा। उन्होंने बताया कि त्योहार के मद्देनजर बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पहले से तैयारियां की गईं थीं। मांग सामान्य दिनों से कम रहने के कारण बिजली के उपकरणों और ट्रांसफाॅर्मरों पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ा। इस वजह से ओवरलोडिंग जैसी समस्या भी सामने नहीं आई। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बिजली आपूर्ति सामान्य बनी रही और लोगों ने रोशनी के पर्व को उत्साह के साथ मनाया।