शहर में भैंसें निकलने का कोई समय तय नहीं है, जिसकी वजह से शहर में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। पुलिस और प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शहर को जाम से मुक्त कराने के लिए भैंसों का समय निर्धारित कर दिया है। निर्धारित समय के बाद भैंस सड़क पर मिलेगी तो मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
थाना सदर बाजार में रविवार को सिटी मजिस्ट्रेट कमलेश द्विवेदी और सीओ सिटी राजेश्वर सिंह ने शहर के डेयरी मालिकों की एक मीटिंग ली। जिसमें तय हुआ कि डेयरी मालिक सुबह आठ से साढ़े नौ बजे तक भैंस डेरियों से निकलकर नदी पर ले जाएंगे और दोपहर तीन से साढ़े चार बजे के बीच डेयरी में वापस लाएंगे। अधिकारियों ने कहा कि अगर इसके बाद कोई डेयरी मालिक भैंस लेकर निकला तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डेयरी मालिकों ने पुलिस और प्रशासन की पहल का समर्थन किया है।