जलालाबाद (शाहजहांपुर)। फर्रुखाबाद हाईवे पर हवाई पट्टी के सामने रहने वाले किशनपाल के छह वर्षीय बेटे कुलदीप की नाली में गिर जाने से मौत हो गई। कुलदीप की मां उसे अकेला छोड़कर घर के अंदर टिफिन लेने चली गई थी। बेटे की मौत से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव सराय साधौ में पालिका द्वारा संचालित गोशाला में किशनपाल गोपालक है। किशनपाल ने अपने छह वर्षीय बेटे कुलदीप का सोमवार को पास के ही सरकारी स्कूल में दाखिला करवाया था। मंगलवार सुबह किशनपाल की पत्नी बेटे कुलदीप को तैयार कर स्कूल पहुंचाने जा रही थी। बेटे को घर के बाहर छोड़कर वह अंदर खाने का टिफिन लेने चली गई। बताते हैं कि कुछ देर बाद वह वापस लौटी। इस बीच कुलदीप खेलते हुए घर के बाहर बनी नाली में औंधे मुंह गिर गया।
मां ने बेटे को नाली से निकाला और घर ले गई। कुछ देर बाद कुलदीप की बेचैनी बढ़ने लगी। बताते हैं कि परिजन डॉक्टर को दिखाने के बजाय उसके शरीर पर चोट तलाशते रहे। करीब दस बजे कुलदीप की मौत हो गई। मोहल्ले वालों का कहना है कि नाली का गंदा पानी पेट में चले जाने से कुलदीप की मौत हो गई। किशनपाल का बड़ा बेटा अमित पैरों से दिव्यांग है। सूचना मिलने पर पालिका के ईओ दयाशंकर वर्मा ने घर पहुंचकर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।