सेहरामऊ दक्षिणी। होली के बाद दूसरे सोमवार को भरगवां चौराहा पर स्थित दुर्गा मंदिर पर चराईं मेला धूमधाम से लगा।
मेले में पहुंचकर श्रद्धालुओं ने पहले मंदिर में देवी मां को प्रसाद चढ़ाकर उनकी पूजा-अर्चना की। बाद में मेले में लगी दुकानों से खरीदारी की। मेले में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे पहुंचे। बरेंग गांव के संपर्क मार्ग और बाग में लगीं खेल-खिलौने, मिठाई, बिसातखाना, मिट्टी के बर्तन और चाट-पकौड़ी की दुकानों पर खूब बिक्री हुई।
मेले में लगे झूलों का बच्चों ने जमकर मजा लिया। थाना प्रभारी उमेश कुमार मिश्र ने बताया कि मेले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रखा गया।
रोजा। होली के बाद दूसरे सोमवार को दिलावरपुर भटकल गांव में पंथवारी देवी मंदिर परिसर में चराईं का मेला धूमधाम से आयोजित किया गया। इस दौरान श्रद्धालु महिलाओं ने मंदिर में प्रतिष्ठित माता शीतला देवी को पंखा झलकर उनकी पूजा-अर्चना की। मेले में सुबह चार बजे से श्रद्धालुओं की भीड़ होने लगी। दोपहर तक मेले में इतने श्रद्धालु पहुुंचे कि पलिया-लखनऊ हाईवे के मोड़ से लेकर मंदिर तक संपर्क मार्ग पर जाम लगा रहा। मेले में खजूर से बने पंखे की खूब बिक्री हुई। संवाद