शाहजहांपुर। जजी कचहरी स्थित राजीव सभागार में सेंट्रल बार एसोसिएशन की आम सभा का आयोजन अध्यक्ष अजय वर्मा की अध्यक्षता में किया गया। सभा में सेंट्रल बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव की रूपरेखा तैयार की गई। 12 फरवरी को मतदान होगा। उसी दिन परिणामों की घोषणा की जाएगी।
सभा का संचालन महासचिव अवधेश सिंह तोमर ने किया। बैठक में निर्णय किया गया कि सदस्यता शुल्क जमा करने वाले अधिवक्ताओं का ही मतदाता सूची में नाम सम्मिलित हो सकेगा। अधिवक्ता 24 दिसंबर तक शुल्क जमा कर सकते हैं। बार अध्यक्ष अजय वर्मा ने कहा कि मतदाता सूची का प्रकाशन दो जनवरी को किया जाएगा। सूची के लिए आपत्ति व दावे तीन जनवरी को प्रस्तुत किए जा सकेंगे।
मतदाता सूची के लिए आपत्ति व दावा निस्तारण चार जनवरी को किया जाएगा। सूची का अंतिम प्रकाशन पांच जनवरी को होगा। छह जनवरी को मतदाता सूची बार कौंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश को प्रेषित की जाएगी। इसके बाद वार्षिक चुनाव के लिए नामांकन पत्र दो फरवरी को प्रस्तुत किए जाएंगे।
नामांकन प्रपत्रों की जांच तीन व चार फरवरी को की जाएगी। नामांकन प्रपत्रों की वापसी पांच फरवरी को की जाएगी। मतदान 12 फरवरी को सुबह नौ से शाम साढ़े चार बजे तक किया जाएगा। इसके बाद मतगणना और यथासंभव परिणाम घोषित किए जाएंगे। किसी कारण से मतगणना पूरी न होने की स्थिति में शेष मतगणना 13 फरवरी को पूर्ण की जाएगी। सेंट्रल बार एसोसिएशन के चुनाव के लिए निर्वाचन जज अधिवक्ता योगेश नाथ पाठक व निर्वाचन अधिकारी अधिवक्ता अनंत कुमार सिंह रहेंगे।