केबल के लिए खोदे गए गड्ढे बन रहे हादसे का सबब
- फोटो : श्ााहजहांपुर उत्तर प्रदेश्ा
बंडा मार्ग पर मोबाइल कंपनी की केबल लाइन के लिए खोदे गए गड्ढे हादसों का सबब बन गए हैं। शनिवार को गड्ढे में गिरने से कई बाइक सवार चोटिल हो गए तो रविवार को बड़ा हादसा होते टल गया।
गांवों को इंटरनेट से जोड़ने के लिए बीएसएनएल की ओर से गांवों तक केबल डालने का काम चल रहा है। किसी स्थान पर फाल्ट बताया जा रहा है। इसे सही करने के लिए खुटार बंडा मार्ग तमाम स्थानों पर रोड के किनारे गहरे गड्ढे खोदकर छोड़ दिए गए हैं। शनिवार को कई बाइक सवार गड्ढे में गिर गए, लेकिन ज्यादा घायल नहीं होने के कारण किसी ने भी शिकायत दर्ज नहीं कराई।
रविवार को एक बाइक सवार को बचाने के फेर में बरेली से खुटार आ रही रोडवेज की बस गांव सौंफरी में गड्ढे में फंस गई। बमुश्किल बस को निकाला जा सका। बसे का पहिया अचानक गड्ढे में चले जाने से कुछ यात्रियों को मामूली चोटें भी आईं।
इसके बाद एक कंबाइन का पहिए गड्ढे में चला गया और कंबाइन अनियंत्रित होकर गांव सौंफरी के राजाराम के घर में जा घुसी। इससे राजाराम का पौत्र अनुज और पौत्री अंजली बाल बाल बच गए। गांव के लोगों ने कहा कि जल्द ही गड्ढे नहीं भरवाए गए तो वह लोग आंदोलन को बाध्य होंगे।