दुकान पर बैठा उत्पात मचाने वाला सांड
- फोटो : अमर उजाला
शाहजहांपुर के खुटार में गुरुवार दोपहर बाद एक सांड ने गांव रामपुर कलां में गुरुद्वारा के पास उत्पात मचाना शुरू कर दिया। सांड ने दो लोगों पर हमला भी किया। दुकानदार दुकानों को बंद कर भाग निकले।
क्षेत्र में छुट्टा पशुओं से किसान बेहद परेशान हैं। किसान पशुओं को भगाते है तो वह गांव और कस्बों में शरण लेते है। पुवायां खुटार हाईवे पर बसे गांव रामपुर कलां में दो दर्जन से अधिक छुट्टा पशु घूमते रहते हैं। बृहस्पतिवार दोपहर बाद एक सांड अचानक उत्पात मचाने लगा। इस दौरान दिव्यांग युवक मनसुख ने सांड को भगाने का प्रयास किया तो सांड़ ने उसे पटक दिया।
इससे वह घायल हो गया। सांड ने एक दुकानदार की कार में टक्कर मार दी जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद बाइक से निकल रहे गांव नवाजपुर के श्रीपाल की बाइक में टक्कर मार दी। श्रीपाल घायल हो गए और उनकी बाइक भी टूट गई। सांड के उत्पात को देखकर व्यापारी दुकानें बंद करके इधर उधर भाग निकले। काफी देर तक सांड के आतंक को देखने के बाद भीड़ ने एकजुट होकर भगाया। इसके बाद राहत की सांस ली गई।