थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव उटहा में नदी में डूबे बालक का शव बुधवार शाम चार बजे मिल गया। मृतक के परिवार वाले बगैर पोस्टमार्टम कराए शव को अपने साथ ले गए।
मंगलवार को थाना आरसी मिशन क्षेत्र के गांव चौढ़ेरा निवासी वेदराम का 12 वर्षीय बेटा सूरज अपने दोस्त अमित और अवनीश के साथ सेहमरामऊ क्षेत्र के गांव उटहा में आशाराम के घर शादी में गया था। जहां दोपहर में अमित और अवनीश नदी के किनारे शौच करने लगे। इसी बीच सूरज नदी में तैर रहे केले के तने पर बैठकर खेलने लगा था। अचानक फिसलने से सूरज नदी में डूब गया था। दोनों दोस्तों की सूचना पर सूरज के परिवार वालों ने ग्रामीणों की मदद से उसे नदी में खोजना शुरू कर दिया था। बुधवार गोताखोरों ने नदी में काफी दूर तक जाल से खंगलना शुरू किया। शाम करीब चार बजे सूरज का शव नदी में मिल गया। शव मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोग बगैर पोस्टमार्टम के अपने साथ ले गए। बच्चे की मां गुड्डी का रो-रोकर बुरा हाल है। दो भाई और तीन बहनों में सूरज तीसरे नंबर का था।