बलिहार सिंह का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
शाहजहांपुर। तीन दिन पूर्व बंडा थाना क्षेत्र में मकसूदापुर स्थित शारदा नहर में डूबे बुजुर्ग का शव मंगलवार सुबह भांभी पुल के पास उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भिजवा दिया है।
बंडा थाना क्षेत्र के बरी-बरा गांव निवासी 70 वर्षीय बलिहार सिंह खेतीबाड़ी करते थे। रविवार की सुबह वह कीटनाशक दवा लेने के लिए घर से साइकिल से निकले थे। इस दौरान वह मकसूदापुर स्थित शारदा नहर में गिरने से डूब गए। वहां पर साइकिल मिलने से गोताखोरों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका।
मंगलवार की सुबह उनका शव हादसा स्थल से ढाई किलोमीटर दूर भांभी पुल के पास उतराता मिला। जानकारी होने पर पहुंचे परिजन उनके शव को देख बिलख पड़े। पोस्टमाॅर्टम हाउस पर मिले परिजनों ने बताया कि साइकिल नहर किराने पड़ी मिली थी। माना जा रहा है कि हादसा किसी वाहन या फिर किसी पशु को बचाने में हुआ। मृतक के बेटे गुरपेज सिंह व शमशेर सिंह गुमसुम हो गए हैं।